महापौर बताएं, स्वयं के प्रयास से धमतरी में अब तक विकास के कौन से कार्य कराये : भाजपा

280

नान चेयरमैन रामगोपाल अग्रवाल ने सभी पूर्व स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन किया

धमतरी | भारतीय जनता पार्टी ने जारी अपने बयान में कहा कि रविवार को नागरिक आपूर्ति निगम के चेयरमैन रामगोपाल अग्रवाल द्वारा धमतरी नगर निगम में किया गया 2.6 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन केवल श्रेय की राजनीति के अतिरिक्त कुछ नहीं  है। यह प्रचारित करना कि उक्त विकास के कार्य महापौर के प्रयासों से हुये, अत्यंत हास्यास्पद है। 111.52 लाख के महिमासागर वार्ड स्थित एकलव्य खेल परिसर के जिस विकास कार्य का भूमिपूजन किया गया उस कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति राज्य शहरीय विकास अधिकरण छग अटल नगर रायपुर के पत्र क्र – 9/सूडा/रा प्र यो/धमतरी/2018/4900 दिनाँक 05.10.2018 को मिल चुकी थी। जिसके लिये निविदा भी जारी हो चुकी थी परंतु प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही ऐसे सभी विकास कार्यों पर रोक लगा दी गयी थी। इसी प्रकार ट्यूबलर पोल का 1.28 करोड़ का कार्य भी 2018-19 में स्वीकृत हो चुका था और निविदा भी जारी हो चुकी थी। सभी रोड और नाली के कार्य का रविवार को भूमिपूजन कराया गया वे सभी कार्य पूर्व के कार्यकाल में स्वीकृत कार्य हैं जिसका पूरा श्रेय पूर्व की भाजपा सरकार और पूर्व में नगर निगम में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी को जाता है। रविवार को कराये गये भूमिपूजन में से एक भी विकास कार्य वर्तमान महापौर के प्रयास से स्वीकृत  नहीं है। शपथ ग्रहण से लेकर आज दिनांक तक वर्तमान में निगम में सत्तासीन कांग्रेस के महापौर ने नगर विकास के लिये एक भी उल्लेखनीय कार्य नहीं किया है। भाजपा ने आगे कहा कि महापौर तथा कांग्रेस के वजनदार नेता श्रेय लेने की राजनीति छोड़ नगर विकास में अपनी भूमिका निभायें।