नशा कारोबारियों पर धमतरी पुलिस का बड़ा वार, 35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज

1

धमतरी, 18 जून। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार से अर्जित 35.85 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज किया है। जिले में पहली बार SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act) के तहत यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक और कोतवाली थाना पुलिस ने विस्तृत जांच एवं वित्तीय विश्लेषण के माध्यम से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों की संपत्तियों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि अवैध कमाई को बैंक खातों, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों में निवेश किया गया था।
पुलिस द्वारा प्रथम SAFEMA प्रकरण में आरोपी आरती रजक की बैंक खातों एवं बीमा योजनाओं में निवेशित 12,93,636.76 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। वहीं द्वितीय प्रकरण में आरोपी करण सिंह धुरी, उषा बाई धुरी एवं जाइका धुरी की बैंक खातों, वाहन और अचल संपत्तियों सहित 22,91,479.75 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई।
दोनों मामलों में कुल 35,85,116.51 रुपये मूल्य की संपत्ति को फ्रीज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी, मुंबई को भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पहले से ही NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं तथा उनके खिलाफ PITNDPS Act के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति को किसी भी कीमत पर सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, भंडारण अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।