धमतरी में नशामुक्ति की शपथ, मंत्री टंक राम वर्मा ने युवाओं से किया नशे से दूर रहने का आह्वान

0

नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का संकल्प, युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश

धमतरी | सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मोनो नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में नशामुक्त समाज और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रभारी मंत्री वर्मा ने कहा कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियां भी प्रभावित होती हैं। इसके लिए सामूहिक जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से नशामुक्त भारत अभियान से जुड़कर जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की।

शपथ के दौरान उपस्थितजनों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार, मित्रों और समुदाय के लोगों को भी नशे से बचाने तथा जिले और छत्तीसगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरतुली के रासेयो एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवकों ने सामाजिक जागरूकता पर आधारित प्रेरक नाटक प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्राचार्य टी.आर. नागवंशी के मार्गदर्शन में तैयार नाटक का लेखन एवं निर्देशन व्याख्याता आकाश गिरी गोस्वामी ने किया। नाटक में नशामुक्त भारत, विकसित भारत-2047, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, सेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया। नाटक में धर्मेन्द्र साहू, गगन विश्वकर्मा, मामयांशी साहू, वर्षा सिन्हा, मुस्कान साहू, झरना साहू, प्रीति विश्वकर्मा, पूर्वांजलि साहू, धारिणी साहू एवं भुनेश्वरी यादव ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। प्रस्तुति को अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।

कार्यक्रम में सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, ऋषभ देवांगन, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वृद्धजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बाईक को बचाने के चक्कर में अछोटा पुल के नीचे गिरा ट्रैक्टर, चालक और हेल्पर ने कूद कर बचाई जान