अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर धमतरी पुलिस का योग शिविर, एसपी सूरज सिंह परिहार ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

2

रक्षित केंद्र में सामूहिक योगाभ्यास, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया प्राणायाम व ध्यान

धमतरी l  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र धमतरी में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व एवं उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा तनावमुक्त एवं स्वस्थ पुलिस बल के निर्माण को बढ़ावा देना था।

योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू ने अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ध्यान तथा श्वसन संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्यवर्धक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का आधार बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का भी मार्ग है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में योग की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है तथा प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट अनुलोम-विलोम अवश्य करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि पुलिस लाइन रूद्री में पिछले एक वर्ष के दौरान यह दसवां योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविर था, जबकि सूजय मंडल एवं रूची साहू द्वारा संचालित चौथा विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम रहा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।