सार्थक स्कूल धमतरी में विशेष बच्चों ने उत्साह के साथ मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

4

धमतरी। समाज कल्याण विभाग की अनुदानित संस्था सार्थक स्कूल, धमतरी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग एवं स्पेशल ओलंपिक भारत छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडे तथा स्पेशल ओलंपिक भारत छत्तीसगढ़ के डायरेक्टर प्रमोद कुमार तिवारी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत ॐ के पवित्र उच्चारण के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के विशेष बच्चों नेमेश, भारती, मोनिका, कुलदीप, रूपेश, मनीष, अर्जुन, इशू, ईश्वर, निखिल, प्रतीक, भूपेंद्र, फलेश, जुनैद एवं आकाश ने योग प्रशिक्षक देविका दीवान और काजल रजक के मार्गदर्शन में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, प्राणायाम तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन किए।

विशेष बच्चों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा के साथ योग गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर संस्था की सचिव स्नेहा राठौड़ ने कहा कि नियमित योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग आत्मविश्वास, एकाग्रता, संतुलन और आत्मनिर्भरता के विकास में सहायक है।

योग प्रशिक्षक देविका दीवान और काजल रजक ने बच्चों को उनकी क्षमता के अनुरूप सरल एवं प्रभावी योगाभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग विशेष बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रशिक्षक कौशिल्या यादव, सुनैना गोड़े एवं सविता शेख भी उपस्थित रहीं और बच्चों के साथ योगाभ्यास किया