जलभराव रोकने निगम की तैयारी, स्वास्थ्य विभाग की बैठक में सफाई व्यवस्था की समीक्षा

8

धमतरी। नगर निगम धमतरी के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की महत्वपूर्ण बैठक स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लूनिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान शहर में संभावित जलभराव की समस्या तथा नालियों की सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में स्टेशनपारा, देवश्री टॉकीज रोड, शिव चौक, बठेनापारा, बेला बाजार, रामपुर डबरी, नवागांव एफसीआई चौक, कोलकाता फोटो स्टूडियो के पास, सोरिद भर्रीपारा, टिकरापारा खपरी तालाब, विंध्य विहार कॉलोनी, गोकुलपुर स्कूल, बॉसपारा आस्था नगर एवं सदर उत्तर पटेलपारा सहित शहर के प्रमुख जलभराव प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई।

सभापति नीलेश लूनिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी मार्गों से अवरोध हटाने तथा जलभराव की स्थिति बनने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई टीमों की तैनाती कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सभी स्वच्छता दीदियों एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि उनके कार्यक्षेत्र के प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहण किया जाए। किसी भी घर को इस सुविधा से वंचित न रखा जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नीलेश लूनिया ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का सुचारू संचालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी स्वच्छता दीदियों को निर्धारित समय पर वार्डों में पहुंचकर शत-प्रतिशत घरों से कचरा संग्रहण करने तथा नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग देने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कमलेश ठाकुर, शाशक मिश्रा, हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी, मेघराज ठाकूर, गजेन्द्र कवर, आशा लोधी एवं कुशल लोढ़ा उपस्थित रहे। बैठक के अंत में समिति के सदस्यों ने आमजन से नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालने तथा स्वच्छ एवं जलभराव मुक्त धमतरी के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।