
विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत धमतरी में वरिष्ठजनों का सम्मान, सांसद रूपकुमारी चौधरी और रंजना साहू ने की आत्मीय भेंट
वरिष्ठजनों का अनुभव राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर : सांसद रूपकुमारी चौधरी
वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण: रंजना साहू
धमतरी l प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने धमतरी विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठजनों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं समाज के सम्मानित व्यक्तियों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी ने ग्राम जुनवानी निवासी जनसंघी वरिष्ठ श्री ईशुराम साहू जी, धमतरी कोष्टापारा वार्ड में छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं कण्डेल नहर सत्याग्रह के प्रणेता स्वर्गीय बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव जी के पौत्र श्री जयनारायण श्रीवास्तव जी, ब्राह्मणपारा वार्ड में सेवानिवृत्त शिक्षक श्री अशोक पवार जी तथा मराठापारा वार्ड में वरिष्ठ समाजसेवी श्री सुर्याराव पवार जी से भेंट कर उनका शाल-श्रीफल से सम्मान किए और उनके दीर्घ अनुभवों एवं सामाजिक योगदान की सराहना की। जनसंपर्क अभियान के दौरान सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, मजदूर एवं वंचित वर्ग के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। श्रीमती चौधरी ने आगे कहा कि विशेष जनसंपर्क अभियान केवल सरकार की उपलब्धियों को बताने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के वरिष्ठजनों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं अनुभवी व्यक्तियों के आशीर्वाद और सुझाव प्राप्त करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा और मार्गदर्शन मिलता है। केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है, आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के वरिष्ठ एवं अनुभवी नागरिकों के सुझावों और मार्गदर्शन को प्राप्त करना भी है।
भेंटवार्ता के दौरान उपस्थित वरिष्ठजनों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने देशहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी विजय साहू, शहर मण्डल अध्यक्ष पवन गजपाल, दिग्विजय सिंह कृदत्त, पार्षद कोमल सार्वा, पार्षद सतीश पवार, यश साहू सहित भाजपा जिला एवं मंडल के पदाधिकारी तथा भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






