
धमतरी l जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन, नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले को नशामुक्त बनाने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास हेरोइन बेचने की तैयारी में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदेही मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद तथा 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2.30 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हेरोइन की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। मामले की गहन जांच जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।






