
मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों से रूबरू हुए नागरिक, योजनाओं का मिला लाभ
वृहद पंजीकरण शिविर में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, सुशासन की झलकी
जनकल्याणकारी योजनाओं से सशक्त हो रहा अंतिम व्यक्ति : सांसद रूप कुमारी चौधरी
हितग्राहियों को पीएम आवास की चाबी सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजना में सामग्रियों का वितरण किया
धमतरी । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत आज धमतरी विकासखंड मुख्यालय स्थित शहीद वीर नारायण सिंह सामुदायिक भवन में विकासखंड स्तरीय वृहद पंजीयन एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं सेवा स्टॉलों के अवलोकन से हुआ। सांसद श्रीमती चौधरी ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं लाभ वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ अब पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है, जिससे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का जीवन भी सकारात्मक रूप से बदल रहा है।
सांसद ने कहा कि जनधन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि तथा स्वनिधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त किसानों के खातों में जारी की जा रही है, जिससे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में अतिरिक्त सहायता मिलेगी।
उन्होंने युवाओं से कौशल विकास एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सभी नागरिकों से जागरूक भूमिका निभाने की अपील की। सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की की चाबी सौपी । किसानों को मिनीकिट बीज, दिव्यांगों को व्हील चेयर, उपकरण, आयुष्मान कार्ड, सहित मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना की राशि भी सौपी । इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में लोगों के स्वास्थ्य की निःशुल्क: जाँच की गयी । जरूरी दवाइयां भी दी गयी ।
पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों ने गरीब, किसान, महिला, युवा और छोटे व्यवसायियों के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है। शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, त्रुटि सुधार तथा हितग्राही समस्याओं के निराकरण की कार्यवाही की गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंगीरा ध्रुव जनपद सदस्य श्रीमती अनिता यादव, निगम के प्रशासन, एसडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी, सीएमएचओ डॉ कौशिक, डीपीएम सुश्री प्रिया कंवर, उपायुक्त नगर निगम श्री पीसी सारवा के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी व नागरिकगण उपस्थित थे।






