महापौर की मांग पर रुद्री तक फोरलेन सड़क, इंटेकवेल और गौरव पथ निर्माण पर मुख्यमंत्री की मिली सहमति

6

मुख्यमंत्री ने फिर खोला विकास का खजाना , महापौर की मांग पर रुद्री तक फोरलेन सड़क, इंटेकवेल और गौरव पथ निर्माण पर मुख्यमंत्री की मिली सहमति
धमतरी। विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदे व साय ने एक बार फिर बड़ी सौगात देने के संकेत दिए हैं। महापौर रामू रोहरा की प्रमुख मांगों पर मंच से सहमति जताते हुए मुख्यमंत्री ने धमतरी के लिए लगभग 60 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को हरी झंडी दे दी है। माना जा रहा है कि इन योजनाओं को जल्द ही प्रशासकीय स्वीकृति मिल जाएगी। पिछले वर्ष सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री द्वारा धमतरी को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई थी, जिनका भूमिपूजन भी हो चुका है। इस बार भी मुख्यमंत्री के सामने महापौर रामू रोहरा ने शहर की दीर्घकालिक जरूरतों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए तीन महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिन पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक सहमति दी। महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि गंगरेल बांध क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अंबेडकर चौक से रुद्री तक 30 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण की मांग रखी गई है। यह सड़क बनने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि गंगरेल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। आने वाले समय में यह मार्ग धमतरी की पहचान बन सकता है। इसके अलावा शहर में भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं को देखते हुए रूद्री बैराज से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक 15 करोड़ रुपये की लागत से इंटेकवेल निर्माण की मांग रखी गई। महापौर ने कहा कि धमतरी तेजी से विस्तार कर रहा है और बढ़ती आबादी के साथ पानी की आवश्यकता भी बढ़ रही है। ऐसे में यह परियोजना आने वाले वर्षों में शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। तीसरी प्रमुख मांग गोकुलपुर लक्ष्मी निवास चौक से बिलाई माता मंदिर होते हुए पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मूर्ति नहर चौक तक 15 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ निर्माण की रही। इस सड़क के बनने से शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन तीनों मांगों को जनता के हित से जुड़ा बताते हुए मंच से अपनी सहमति दे दी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों से स्वागत किया। माना जा रहा है कि जल्द ही इन योजनाओं की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर उन्होंने शहरवासियों से अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया था, जिस पर अब मुख्यमंत्री ने भी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में धमतरी लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। महापौर ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि छोटे शहरों को भी बड़े शहरों की तरह आधुनिक सुविधाएं मिलें। यही कारण है कि धमतरी में सड़क, पानी, पर्यटन और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने लगातार काम किया जा रहा है। आने वाले समय में ये परियोजनाएं धमतरी की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगी।