शराब के पैसों को लेकर विवाद बना मौत की वजह, मां-भाई ने की हत्या, आत्महत्या दिखाने रची साजिश

20

गला घोंटकर की हत्या, फिर शव को फांसी पर लटकाया; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, दोनों आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र की बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम गोजी में 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिस घटना को शुरुआत में आत्महत्या माना जा रहा था, वह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या निकली। मामले में मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को ग्राम गोजी निवासी नरसिंग साहू (23) का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाकर श्वास अवरुद्ध होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन नरसिंग साहू शराब पीने के लिए घर में पैसों की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर उसका अपनी मां कमला बाई साहू (60) और भाई नरेश साहू (22) से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने कथित रूप से पहले हाथों से उसका गला दबाया और फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद भी आरोपियों को उसके जीवित होने की आशंका थी। ऐसे में उन्होंने उसे कीटनाशक दवा भी पिला दी। इसके बाद पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया और परिजनों व आसपास के लोगों को आत्महत्या की जानकारी दी।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। पुलिस ने परिस्थितिजन्य साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर मृतक की मां और भाई को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने की बात स्वीकार कर ली।
कुरूद थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।