टाइगर रिजर्व क्षेत्र के गांवों के विकास को लेकर अहम बैठक, सड़क-बिजली समेत कई मांगों पर बनी सहमति

5

धमतरी/नगरी । उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के गांवों में वर्षों से लंबित मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को नगरी जनपद पंचायत के सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कई मांगों पर सहमति बनी, जबकि बड़े विषयों को शासन स्तर पर उठाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में क्षेत्रीय विधायक अंबिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक, जनपद पंचायत अध्यक्ष, सरपंच संघ नगरी के पदाधिकारी, जल-जंगल-जमीन संघर्ष समिति के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और टाइगर रिजर्व क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने बताया कि अभयारण्य क्षेत्र में शामिल होने के कारण अनेक गांव आज भी सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और प्रधानमंत्री आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उनका कहना था कि वर्षों से मांग उठाने के बावजूद विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो सके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि टाइगर रिजर्व से जुड़े नियमों के कारण कई बार विकास कार्यों में बाधाएं आती हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

बैठक के दौरान जिला प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर हल की जा सकने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का आश्वासन दिया। साथ ही दो पुलों के निर्माण की दिशा में तत्काल पहल करने की बात कही गई। सड़क, बिजली और अन्य बड़े विकास कार्यों से जुड़े मामलों में वन मंत्री, मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान निकालने पर सहमति बनी।

बैठक के अंत में कलेक्टर द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर ग्रामीणों ने भी सहमति जताई। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।