धमतरी में बस संचालकों को सख्त निर्देश, तय किराए से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई

11

धमतरी। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला परिवहन कार्यालय में जिला परिवहन अधिकारी की अध्यक्षता में बस संचालकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, निर्धारित किराया वसूलने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी ने सभी बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया न लिया जाए। साथ ही शासन द्वारा जारी निःशुल्क बस पासधारी हितग्राहियों को नियमानुसार और सम्मानपूर्वक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि बस स्टाफ द्वारा पासधारी यात्रियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभावपूर्ण या अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बस संचालकों से कहा गया कि वे अपने चालक और परिचालकों को यात्रियों के प्रति शिष्ट, मर्यादित और संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दें। परिवहन विभाग ने चेतावनी दी कि मोटरयान अधिनियम, 1988 तथा परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में समृद्धि ट्रैवल्स के संकेश भंसाली, राम ट्रैवल्स के सातम सिंह राजपूत, भवानी बस सर्विस के मेघेश्वर प्रसाद चंद्राकर, धमतरी रोडवेज के गोविंद लाल साहू, भवानी ट्रैवल्स के लोचन सिंह, लक्ष्मी ट्रैवल्स के धनेश कुमार तथा शिवम ट्रैवल्स के गोवर्धन सोनी सहित जिले के प्रमुख बस संचालक मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी संचालकों ने प्रशासन को परिवहन नियमों का पालन करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।