
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत ग्राम चंपारण में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुईं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना डीपेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर विषय पर रखें अपने विचार
धमतरी | भारतीय जनता पार्टी रायपुर जिला ग्रामीण द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत ग्राम चंपारण में प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू बतौर वक्ता शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर रंजना साहू ने “छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर” विषय पर विस्तारपूर्वक अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, लोककला, लोकगीत, तीज-त्योहार एवं सामाजिक मूल्य हमारी पहचान और गौरव हैं, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है, हमारी सांस्कृतिक विरासत समाज को जोड़ने और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का कार्य करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण किसी भी संगठन की मजबूती का आधार होता है, प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के मूल उद्देश्यों से जोड़ता है, इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक कौशल एवं समाज के प्रति दायित्वबोध का विकास होता है। एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की नीतियों और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में सक्षम होता है। रंजना साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और समाजसेवा की भावना से कार्य करने वाला परिवार है, पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं, साथ ही उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की कार्यप्रणाली अंत्योदय की भावना पर आधारित है, जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठनात्मक विषयों, पार्टी की रीति-नीति, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।






