
हटकेशर में महापौर रामू रोहरा ने लगाई जन चौपाल, वार्डवासियों की समस्याएं सुन मौके पर किया समाधान
धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा लगातार जनसंपर्क और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन सुबह वार्ड भ्रमण पर निकल रहे हैं। इसी कड़ी में हटकेशर क्षेत्र में आयोजित जन चौपाल में महापौर ने सीधे वार्डवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई समस्याओं का तत्काल समाधान कर प्रशासनिक संवेदनशीलता एवं जवाबदेही का परिचय दिया। जन चौपाल के दौरान सड़क, सफाई, पेयजल, नाली, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नागरिकों ने अपनी बात रखी। महापौर रामू रोहरा ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराया। महापौर की सादगी, सहजता और जनहित के प्रति समर्पण को देखकर वार्डवासी भावुक नजर आए। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि “हम पहली बार ऐसे महापौर को देख रहे हैं जो स्वयं वार्ड में आकर आम जनता के बीच बैठकर समस्याएं सुनते हैं और तत्काल समाधान भी करते हैं। यह केवल राजनीति नहीं, बल्कि सच्ची जनसेवा है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि हर नागरिक तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि “जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। निगम का हर वार्ड विकास, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं से सशक्त बने, यही हमारा संकल्प है। उन्होंने आगे कहा कि जन चौपाल केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में लगातार भ्रमण कर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






