48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री सुलझी: मजदूरी विवाद में मछली व्यापारी की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

27

साथ काम करने वालों ने ही रची थी हत्या की साजिश, दो नाबालिग भी निकले शामिल; नगदी, मोबाइल, हथियार और बाइक बरामद 

धमतरी l नगरी थाना क्षेत्र में मछली व्यापारी विप्लव मंडल की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का धमतरी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।
जांच में सामने आया कि मृतक विप्लव मंडल के निजी फिश फार्म में आरोपी मजदूरी करते थे। मजदूरी बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने और कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार से नाराज होकर आरोपियों ने पहले 25 जून को हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद 27 जून को दोबारा योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नगरी बाजार से मछली बेचकर लौट रहे विप्लव मंडल का गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग के सुनसान जंगल में घेर लिया और लकड़ी के डंडों व चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद नगदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए तथा रकम का आपस में बंटवारा कर लिया।
मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नगरी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 309(6) एवं 311 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट की 37,800 रुपये नगद, मृतक के दो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त चार अन्य मोबाइल, तीन लकड़ी के डंडे, दो चाकू तथा दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।