धमतरी | जिले में संचालित राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई। अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करना है। अभियान के दूसरे दिन जिले के सभी विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान कुरूद में 26,225, मगरलोड में 22,355, गुजरा में 19,335, नगरी में 36,254 तथा धमतरी शहर में 25,612 घरों का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान कुल 5,006 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। साथ ही मलिन बस्तियों, ईंट-भट्टों एवं अन्य स्थायी उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर वहां रहने वाले बच्चों तक भी पोलियो की दवा पहुंचाई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। सभी टीमों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनके बच्चे को अभी तक पोलियो की खुराक नहीं मिल पाई है, तो स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के संपर्क में आकर अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। नियमित टीकाकरण के साथ-साथ पल्स पोलियो अभियान की खुराक भी बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।





