
धमतरी | जिले में बच्चों एवं युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश का रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “समर कैम्प 2026” ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर फ्रीडम फिजिकल ट्रेनिंग शुरू हो गयी है । इसके लिए जिले के विभिन्न खेल संस्थानों, विद्यालयों, खेल संघों एवं क्लबों द्वारा समर कैम्प में कराटे, योग, फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, शतरंज, रग्बी, बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, तीरंदाजी, स्केटिंग सहित अनेक खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है । जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बच्चों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से 9 मई से 8 जून तक 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। जिले के 36 केन्द्रों में संचालित इस शिविर में स्कूली बच्चों को विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है । जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होने वाले इन प्रशिक्षण शिविरों में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को खेल तकनीक, फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं एवं खेल अकादमियों हेतु तैयार करने का भी प्रयास किया जा रहा है । समर कैम्प में सेजेस चर्रा, शौर्य क्रीड़ा क्लब कुण्डेल, कला केन्द्र इतवारी बाजार धमतरी, जिला वेटलिफ्टिंग संघ, नगर निगम स्पोर्ट्स एकेडमी, कुडो संघ धमतरी, एथलेटिक्स संघ धमतरी, कराते संघ सहित विभिन्न विद्यालयों एवं खेल संस्थाओं की सहभागिता निभा रहे है । प्रशिक्षण कार्यक्रमों में योग एवं मार्शल आर्ट्स के माध्यम से आत्मरक्षा, मानसिक एकाग्रता एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष बल दिया जाएगा। वहीं एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी एवं वॉलीबॉल जैसे टीम खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा सभी प्रशिक्षण केन्द्रों में आवश्यक समन्वय, खेल सामग्री तथा खिलाड़ियों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। समर कैम्प का उद्देश्य केवल खेल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान कर उन्हें नशामुक्ति, स्वास्थ्य एवं अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित करना भी है। जिले के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से समर कैम्प में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है, ताकि युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिल सके।





