कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत और टीम भावना को सराहा, कहा- बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता
धमतरी | जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता को बेहतर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले सात उप स्वास्थ्य केंद्रों को कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। निर्धारित 18 स्वास्थ्य मानकों (इंडिकेटर्स) के सफल क्रियान्वयन और उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने पर संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों की फैसिलिटी टीम, ब्लॉक टीम एवं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट (बीपीएमयू) के सदस्यों को यह सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण, नियमित मॉनिटरिंग और आपसी समन्वय से संभव है। उप स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप हासिल की गई उपलब्धि सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्र इसी प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने शेष स्वास्थ्य केंद्रों को भी प्रदर्शन में सुधार लाने तथा सभी निर्धारित इंडिकेटर्स पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
अरौद डुबान उप स्वास्थ्य केंद्र ने किया जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उप स्वास्थ्य केंद्रों में धमतरी विकासखंड के अरौद डुबान ने 94.65 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं नगरी विकासखंड के घाटुला ने 91.20 प्रतिशत और कसपुर ने 91 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की। कुरूद विकासखंड के भेंड्रा ने 90.16 प्रतिशत, शहरी क्षेत्र के यूएएएम कोष्टापारा ने 90.08 प्रतिशत, मगरलोड विकासखंड के हसदा ने 89.28 प्रतिशत तथा धमतरी विकासखंड के रांवां ने 85.57 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की।
विशेष बात यह रही कि सम्मानित सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों ने निर्धारित इंडिकेटर्स में न्यूनतम 50 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि संबंधित चिकित्सा अधिकारियों (एमओ), सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एमपीडब्ल्यू), फैसिलिटी टीम, ब्लॉक टीम एवं बीपीएमयू टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती प्रिया कंवर, अर्चना देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







