
धमतरी । कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग, धमतरी के सहयोग से जननी सेवा संस्थान, अर्जुनी द्वारा संचालित सियानगुड़ी (डे-केयर सेंटर) में मंगलवार को एम.जी.एम. नेत्र चिकित्सालय, रायपुर के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में लगभग 40 वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर निःशुल्क नेत्र परीक्षण का लाभ उठाया। एम.जी.एम. नेत्र चिकित्सालय, रायपुर से आए आउटरीच टीम के विशेषज्ञों द्वारा सभी हितग्राहियों की आंखों की जांच की गई। परीक्षण के उपरांत आवश्यकता के अनुसार पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया तथा नेत्र स्वास्थ्य एवं दृष्टि संरक्षण संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
शिविर में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उनके स्वास्थ्य एवं जीवन की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने समाज कल्याण विभाग, एम.जी.एम. नेत्र चिकित्सालय, रायपुर तथा जननी सेवा संस्थान, अर्जुनी के प्रति आभार व्यक्त किया।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना, दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उपचार एवं आवश्यक परामर्श प्रदान करना है। विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस प्रकार के जनहितकारी प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।






