धमतरी नगर निगम घेराव पर भाजपा का पलटवार, कांग्रेस का प्रदर्शन ‘नौटंकी और दिखावा’ : विजय मोटवानी

2

निगम घेराव पर भाजपा पार्षदों ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की सब नौटंकी व दिखावा है

भाजपा का 138 वर्ष विकास का तो कांग्रेस के पांच वर्ष विनाश के नाम से रहेगा सदैव यादगार – विजय मोटवानी

धमतरी। नगर निगम घेराव के कांग्रेस के ऐलान पर भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस के प्रस्तावित घेराव को महज “नौटंकी, दिखावा और राजनीतिक प्रोपेगेंडा” करार देते हुए कहा कि जनता कांग्रेस की कार्यशैली को भलीभांति जान चुकी है।

लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष एवं भाजपा पार्षद विजय मोटवानी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ पहले राज्य, फिर देश और उसके बाद नगर निगम में भाजपा को जनादेश दिया, उस विश्वास पर महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में पूरे 40 वार्डों में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं।

मोटवानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “138 वर्षों तक नगर निगम की सत्ता से दूर रहने वाली कांग्रेस पिछले कार्यकाल में पिछले दरवाजे से सत्ता में पहुंची और शहर को विकास के बजाय भ्रष्टाचार तथा कमीशनखोरी की ओर धकेल दिया। कांग्रेस के पांच वर्ष जनता को आज भी विनाश के दौर के रूप में याद हैं।”

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस अपने पिछले कार्यकाल के विकास कार्यों और खर्चों की निष्पक्ष जांच करा ले तो भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की वास्तविकता स्वयं सामने आ जाएगी। यही कारण है कि नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की स्थिति इतनी कमजोर हुई कि उसके पार्षदों की संख्या दहाई तक भी नहीं पहुंच सकी।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता के बीच अपनी बची-खुची साख बचाने के लिए डेढ़ वर्ष की कथित निष्क्रियता के आरोपों को छिपाने हेतु नगर निगम घेराव जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

विजय मोटवानी ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि “जो स्वयं कांच के घर में रहते हों, उन्हें दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए। पहले अपने कार्यकाल की जांच करा लें, उसके बाद भाजपा पर सवाल उठाएं।”

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व में नगर निगम विकास, पारदर्शिता और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस केवल राजनीतिक नौटंकी के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

also read