मातर देखने जा रहे युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, चालक की मौत, साथी घायल

1

धमतरी। ग्राम भानपुरी में मातर देखने जा रहे युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक चालक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दुर्घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है।

अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पाकुरभाट निवासी भागवत दास बघेल ने बताया कि उनका बेटा अंकित बघेल धमतरी में ड्राइवरी का काम करता था और ग्राम पोटियाडीह में किराए के मकान में रहता था। 12 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे ग्राम पाकुरभाट के आशु बंजारे ने फोन कर सूचना दी कि अंकित का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद जिला अस्पताल में निधन हो गया है।

सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। वहां अंकित के दोस्त ने बताया कि 11 नवंबर की शाम अंकित अपने दोस्तों के साथ दीपांशु की मोटरसाइकिल से ग्राम भानपुरी में मातर देखने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम भानपुरी और खपरी के बीच बाइक क्रमांक सीजी 05 एवी 8924 अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया।

शिवा प्रधान ने अपने एंबुलेंस से अंकित को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रात 11:35 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दुर्घटना में घायल दूसरे युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।