धमतरी। धमतरी विधायक ओंकार साहू आज ग्राम आमदी स्थित राज गौरा-गौरी चौक में गौरा-गौरी विसर्जन के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं में गौरा-गौरी पर्व का विशेष महत्व है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी संस्कृति और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने पर्व में शामिल होकर ग्रामवासियों के साथ आत्मीयता से खुशियां साझा कीं तथा सभी क्षेत्रवासियों को गौरा-गौरी पर्व की शुभकामनाएं दीं। अंत में उन्होंने कामना की कि गौरा-गौरी माता की कृपा समस्त क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो।







