स्मार्ट मीटर के बाद बढ़े बिजली बिलों पर भड़के वार्डवासी, कांग्रेस पार्षदों संग कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे

1

बिलों की जांच और राहत की मांग, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

धमतरी। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिलों से परेशान वार्डवासियों ने सोमवार को कांग्रेस पार्षदों के साथ कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बिजली बिलों की जांच कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आम जनता के साथ बिजली विभाग कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेगी।

नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि पहले जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल 700 से 800 रुपये तक आता था, अब वही बिल 2,000 से 2,500 रुपये तक पहुंच रहा है। इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने आरोप लगाया कि जुलाई माह के बिजली बिलों ने आम लोगों को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर योजनाओं के माध्यम से सहायता देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिलों के जरिए लोगों से कई गुना अधिक राशि वसूल की जा रही है।

पार्षद सुमन मेश्राम ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों के कारण आम परिवारों का मासिक बजट बिगड़ गया है। उन्होंने मांग की कि पुराने मीटर की रीडिंग और स्मार्ट मीटर की रीडिंग का मिलान कर सत्यापन कराया जाए तथा गलत पाए जाने वाले बिलों में तत्काल सुधार किया जाए।

महिमा सागर वार्ड की निवासी रमली बाई ने बताया कि उनके दो कमरों के कच्चे मकान का पिछले माह बिजली बिल 470 रुपये था, जबकि इस माह 2,100 रुपये का बिल आया है। उन्होंने कहा कि मजदूरी कर परिवार चलाने वालों के लिए इतना अधिक बिल भरना संभव नहीं है।

डाक बंगला वार्ड निवासी सतीश यादव ने बताया कि वह गैरेज में काम करते हैं। पहले उनके घर का बिजली बिल 300 से 400 रुपये तक आता था, लेकिन इस बार 1,800 रुपये का बिल मिला है, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

कलेक्टर के प्रतिनिधि ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए और कहा कि यदि कहीं गलत बिल जारी हुआ है तो उसका सुधार कराया जाएगा।

इस दौरान कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में पार्षद पूर्णिमा गजानंद रजक, उमा भागी ध्रुव, रामेश्वरी कोसरे, योगेश लाल सहित भागवत साहू, राजेश साहू, काशीराम नायक, नरोत्तम देवांगन, पुन्नी बाई, सुशीला दीवान, उषा पाठक, शिव कुमार, कामता प्रसाद और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।