बीसीएस महाविद्यालय में सहकारिता एवं सहकारी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन
धमतरी | छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ मर्यादित रायपुर एवं जिला सहकारी संघ मर्यादित धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए ‘सहकारिता एवं सहकारी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं’ विषय पर प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन बीसीएस शासकीय महाविद्यालय के नवीन भवन स्थित सेमिनार हॉल में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धमतरी नगर निगम के महापौर श्री रामू रोहरा शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सहकारिता के महत्व, उसकी कार्यप्रणाली, सामाजिक एवं आर्थिक विकास में सहकारी संस्थाओं की भूमिका तथा सहकारी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से अवगत कराना था।
कार्यशाला के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यह समझाने का प्रयास किया गया कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामूहिक प्रयास, आत्मनिर्भरता, सहयोग और सहभागिता के माध्यम से समाज एवं देश के विकास का एक सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं के लिए शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के नए अवसरों और संभावनाओं की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। सहकारिता का क्षेत्र युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक अवसर प्रदान कर सकता है। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से युवा आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर स्वयं आगे बढ़ने के साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे ऐसी कार्यशालाओं में सक्रिय सहभागिता निभाएं और प्राप्त जानकारी का लाभ अपने भविष्य को बेहतर बनाने में लें।
महापौर ने कहा कि सहकारिता की मूल भावना परस्पर सहयोग और सामूहिक विकास है। यदि युवा इस भावना को आत्मसात कर सहकारी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को समझें, तो वे रोजगार प्राप्त करने के साथ स्वयं रोजगार सृजन करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री युगल किशोर यादव, पार्षद श्री संतोष सोनकर, पार्षद श्रीमती चंद्रभागा साहू, महाविद्यालय के प्राचार्य श्री विनोद पाठक सहित महाविद्यालयीन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यशाला के आयोजन से विद्यार्थियों को सहकारिता के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को समझने तथा रोजगारोन्मुखी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने और उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।







