
लगातार बारिश से बाधित हुआ सारंगपुरी पुल मार्ग, विधायक ओंकार साहू ने लिया जायजा
धमतरी। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते कोलयारी–खरेंगा–दोनर मार्ग स्थित सारंगपुरी में निर्माणाधीन पुल पर आवागमन बाधित हो गया है। पुल निर्माण स्थल पर जलभराव और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की परेशानी की जानकारी मिलते ही धमतरी विधायक ओंकार साहू स्वयं निर्माणाधीन पुल स्थल पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को काफी असुविधा हो रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ओंकार साहू ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से दूरभाष पर तत्काल चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए आम जनता की सुविधा के लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए, ताकि ग्रामीणों का आवागमन सुचारु रूप से जारी रह सके और किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि पुल निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना कार्य में तेजी लाई जाए तथा निर्माण स्थल पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में आम नागरिकों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सारंगपुरी के सरपंच, हरीश चंद्राकर, प्रकाश साहू, पन्ना साहू, धनसिंह साहू, गोपेश यादव, कृष्णा नेताम, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें –
यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने विद्यार्थियों को दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प






