गुरुनानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, सेवा और भाईचारे का देती हैं संदेश – महापौर रामू रोहरा
धमतरी | सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर नगर निगम के महापौर रामू रोहरा धमतरी स्थित गुरुद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर अरदास की तथा गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त धमतरीवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और उपदेशों के माध्यम से पूरी मानवता को सत्य, प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, सद्भाव और परोपकार की प्रेरणा देती हैं। गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ हमें ईमानदारी से कर्म करने, ईश्वर का स्मरण करने और जरूरतमंदों के साथ मिलकर खुशियां बांटने की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि मानवता, सद्भाव और आपसी प्रेम को मजबूत करने का पावन अवसर है। हम सभी को गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सेवा और समरसता की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए।
महापौर ने अरदास कर धमतरी नगर सहित समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।







