चार एकड़ में करते हैं खेती, पहले 20 क्विंटल धान का कर चुके हैं विक्रय, शेष उपज के लिए भी मिला टोकन
धमतरी। शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए आर्थिक संबल बनने के साथ ही उनके सपनों को साकार करने का माध्यम भी बन रही है। पारदर्शी धान खरीदी प्रक्रिया, ऑनलाइन टोकन सुविधा और उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध किसान हितैषी व्यवस्थाओं से किसानों को अपनी उपज बेचने में काफी सहूलियत मिल रही है। इसका लाभ ग्राम खरतुली के किसान श्री इलोक राम साहू भी उठा रहे हैं।
श्री इलोक राम साहू, सेवा सहकारी समिति लोहरसी के अंतर्गत आने वाले किसान हैं। वे लगभग चार एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती करते हैं। इस वर्ष उन्होंने ऑनलाइन टोकन के माध्यम से धान विक्रय की प्रक्रिया अपनाई है। उन्हें आज 22 क्विंटल धान विक्रय के लिए दूसरा टोकन प्राप्त हुआ है। इससे पहले वे 20 क्विंटल धान का विक्रय कर चुके हैं। अब उनकी शेष उपज के लिए भी टोकन मिल गया है। वे बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से धान बेचने की प्रक्रिया बहुत आसान हो गई है। घर बैठे टोकन प्राप्त होने से अनावश्यक भागदौड़ और इंतजार से राहत मिलती है तथा अपनी सुविधा के अनुसार उपज विक्रय की योजना बनाना आसान होता है।
उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल और बैठने की अच्छी व्यवस्था है। धान भरने के लिए पर्याप्त बारदाने उपलब्ध हैं। इसके साथ ही माइक्रो एटीएम की सुविधा भी दी गई है, जिससे किसानों को केंद्र में ही आवश्यक बैंकिंग लेनदेन की सहूलियत मिलती है। इन व्यवस्थाओं से धान विक्रय के दौरान किसानों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं।
श्री साहू का परिवार उनके माता-पिता, पति-पत्नी और स्कूल में पढ़ने वाले दो बच्चों से मिलकर बना है। वे बताते हैं कि पिछले तीन वर्षों से धान का अच्छा मूल्य मिलने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। खेती से प्राप्त आमदनी का उपयोग वे सोच-समझकर भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं। पिछले वर्ष उन्होंने धान विक्रय से प्राप्त राशि से पांच डिसमिल जमीन खरीदी है। अब उनका सपना है कि आने वाले कुछ वर्षों में इसी जमीन पर अपने परिवार के लिए एक सुंदर पक्का मकान बनाएं।
इलोक राम साहू की यह कहानी बताती है कि खेती-किसानी से होने वाली आय यदि योजनाबद्ध तरीके से उपयोग की जाए, तो वह परिवार की आर्थिक सुरक्षा, बच्चों के बेहतर भविष्य और अपने घर के सपने को पूरा करने का मजबूत आधार बन सकती है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और किसानों के लिए सरल सुविधाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की राह प्रशस्त कर रही हैं।







