करेली बड़ी के विभिन्न वार्डों में दिवाली मिलन आयोजित

0

13839 रुपए प्रति एकड़ सभी पंजीकृत किसानो को देना विष्णुदेव साय सरकार का बड़ा निर्णय – शशि पवार

कांग्रेस सरकार में ना विकास मिला ना आवास – कविंद्र

धमतरी | जिले के कुरूद विधानसभा में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों से अस्तित्व में आए नगर पंचायत करेली बड़ी में चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रतिदिन के कार्यक्रम बनाये गये हैं और अलग अलग टीम बना कर क्षेत्र में चुनाव प्रचार अभियान भी शुरू हो चुका है। शनिवार को नगर पंचायत करेली बड़ी के अनेक वार्डों में दिवाली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। खट्टी के वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 में आयोजित दिवाली मिलन कार्यक्रम में वहां के निवासियों के बीच जोश भरते हुए भाजपा के चुनाव प्रभारी पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर शशि पवार ने कहा कि वर्तमान में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव साय सरकार सबसे ज्यादा चिंता किसानों की कर रही है। पूरे देश में सबसे ज्यादा कीमत में धान की खरीदी छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की सरकार कर रही है। इस साल सरकार ने जो सभी किसानों को पुरे 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से 13839 रुपए देने का जो निर्णय लिया है वो किसानों के लिए सरकार का एक बहुत बड़ा निर्णय है। अब चाहे पैदावार कम भी होगी तो भी किसान भाइयों को पूरे 21 क्विंटल के हिसाब से बोनस की राशि एकमुश्त उनके खाते में मिलेगी। भाजपा की महतारी वंदन योजना को छत्तीसगढ़ की महिलाओं का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है।
वार्ड क्रमांक 10 अटल बिहारी बाजपेई वार्ड में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में वक्ता के रूप में पूर्व जिला महामंत्री कविंद्र जैन ने कहा कि 5 साल की कांग्रेस सरकार में ना तो विकास मिला और ना ही आवास। नरवा – गरवा, घुरवा – बाड़ी के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। विष्णुदेव साय सरकार ने शपथ लेते ही सबसे पहले 18 लाख ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास को स्वीकृति दी। हर घर नल से शुद्ध जल पहुंचाने सरकार प्रतिबद्ध है। नगर पंचायत बनने से करेली बड़ी का भाग्य बदलने वाला है। यहां पर 10 गुना तेजी से विकास होगा। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं के लिए करोड़ो रुपए के फंड आयेंगे। भाजपा की सरकार का मतलब ही विकास की गारंटी है। इस अवसर पर डागेश्वर सोनकर, लेखन साहू, दानेश्वर सिन्हा, क्षत्रपाल साहू, गैंदलाल साहू,तेजराम निषाद , रतन साहू, दालु राम साहू ,नरेंद्र साहू, भूनू राम निषाद,राकेश साहू,बिसेसर साहू,नरेंद्र साहू, प्रदीप सिन्हा,दुलरवा साहू ,आशूक साहू,कुशलकांत साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।