ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

0

महिला कमांडो को गांव में सामाजिक सुरक्षा, नशामुक्ति एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने किया प्रेरित

धमतरी। पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 20 नवंबर को थाना बोराई परिसर में ग्राम जामपानी के ग्रामीणों, महिला कमांडो एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जागरूकता बैठक आयोजित की गई।

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने अनजान कॉल, फर्जी लिंक और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

बैठक में यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।

महिला सुरक्षा के विषय पर चर्चा करते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा घरेलू हिंसा, उत्पीड़न अथवा अन्य अपराधों की स्थिति में बिना किसी भय और संकोच के पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान महिला कमांडो की सामाजिक भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें गांव में महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा ग्रामीणों से गांव को नशामुक्त एवं स्वच्छ बनाने, अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।

धमतरी पुलिस ने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग एवं विश्वास से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को सामाजिक सुरक्षा एवं जनहित के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।