राज्योत्सव-2026 : जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने प्रदेशवासियों को दी स्थापना दिवस की बधाई

0

छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने सामूहिक संकल्प और सहभागिता जरूरी – श्री अरुण सार्वा

धमतरी। जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 के अवसर पर सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने अपने उद्बोधन छत्तीसगढ़ी बोली में देते हुए जिलेवासियों एवं प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, युवाओं, माताओं-बहनों, वरिष्ठ नागरिकों और बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का आत्मीय अभिवादन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का स्थापना दिवस हम सभी के लिए गौरव, उत्साह और आत्मसम्मान का अवसर है।

श्री सार्वा ने कहा कि 1 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदर्शी सोच और छत्तीसगढ़वासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं के अनुरूप पृथक छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। यह दिन हमारे इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों के सामर्थ्य से देश में विशिष्ट पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हम सभी प्रदेशवासियों और जिलेवासियों को अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विकास की इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित धमतरी का निर्माण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

श्री सार्वा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो, युवाओं को अवसर मिले, महिलाओं का सशक्तीकरण हो तथा किसान और श्रमिक समृद्ध बनें, इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करना होगा।

अंत में उन्होंने सभी से छत्तीसगढ़ की प्रगति, समृद्धि और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने एक बार फिर सभी को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी । उल्लेखनीय है कि राज्योत्सव-2026 का शुभारंभ कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समारोह में जिले की विकास यात्रा, छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सुंदर समन्वय देखने को मिला। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की शाम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में महापौर नगर निगम श्री रामू रोहरा, पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू, श्री इंदरचंद चोपड़ा, अध्यक्ष जनपद , श्रीमती अंगीरा ध्रुव, उपाध्यक्ष गोकरण साहू ,कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय वनमंडलाधिकारी श्रीकृष्ण जाधव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।