अधिकारियों को दो टूक निर्देश—बारिश थमने का इंतजार नहीं, तत्काल शुरू कराएं पानी निकासी
धमतरी। शहर में हो रही अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए महापौर श्री जगदीश ‘रामू’ रोहरा ने शुक्रवार को विभिन्न वार्डों का मैदानी निरीक्षण किया। महात्मा गांधी वार्ड, बालाजी कॉलोनी सहित जालमपुर,लाल बगीचा क्षेत्र में पहुंचकर उन्होंने जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जालमपुर स्थित कठौली तालाब का जलस्तर बढ़ने पर महापौर ने विशेष रूप से स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जलस्तर की जानकारी लेते हुए आसपास के क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि “भारी बारिश के समय नगर निगम का अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। नागरिकों को जलभराव और पानी निकासी की समस्या के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां भी पानी जमा है, वहां तत्काल निकासी की कार्रवाई की जाए और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधन लगाए जाएं।”
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जनसुविधा और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निगम के अधिकारी-कर्मचारी लगातार फील्ड में रहकर स्थिति पर नजर रखें और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
महापौर ने स्पष्ट किया कि बारिश चाहे कितनी भी तेज हो, नगर निगम का मैदानी अमला पूरी मुस्तैदी के साथ नागरिकों के बीच मौजूद रहेगा। निरिक्षण के दौरान एम आईसी सदस्य हिमानी साहू, पार्षद अज्जू देशलहरे,संतोष सोनकर,गजेंद्र कंवर,सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।







