“15 अगस्त तक पट्टा सर्वे पूरा करें, पात्र परिवारों को मिलेगा मालिकाना हक : महापौर रामू रोहरा”

7

धमतरी। महापौर रामू रोहरा ने नगर निगम और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए 15 अगस्त तक सर्वे कार्य पूर्ण किया जाए।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा द्वारा पात्र लोगों को पट्टा प्रदान करने की घोषणा की गई है। इस घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से सर्वे कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सर्वे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि वास्तविक पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिल सके। रामू रोहरा ने कहा कि वर्षों से भूमि पर निवास कर रहे पात्र परिवारों को उनके अधिकार दिलाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। सर्वे पूरा होने के बाद पात्रता के आधार पर पट्टा वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने न पाए तथा सर्वे के दौरान आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। महापौर ने कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्थायी आवासीय अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करें, ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।