महापौर रामू रोहरा की पहल रंग लाई: अटल आवास के 58 परिवारों को मिलेगा नया आशियाना, निगम करेगा सर्वे

1

धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री जगदीश (रामू) रोहरा की पहल पर सोरिद डिपोपारा स्थित अटल आवास परिसर के निवासी अपनी समस्याओं और पुनर्वास संबंधी मांगों को लेकर निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान महापौर श्री रामू रोहरा ने सभी रहवासियों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा समाधान का भरोसा दिलाया।

महापौर ने बताया कि सोरिद डिपोपारा स्थित अटल आवास में वर्तमान में 58 परिवार निवासरत हैं। इन परिवारों के बेहतर भविष्य और सुरक्षित आवास की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इसके तहत निगम की टीम जल्द ही अटल आवास में रहने वाले सभी परिवारों का विस्तृत सर्वे करेगी, ताकि वास्तविक पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर आगे की कार्रवाई की जा सके।

महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि सर्वे पूर्ण होने के बाद पात्र परिवारों को इंद्रप्रस्थ आवास में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया नियमानुसार की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर आवास उपलब्ध कराना है। किसी भी पात्र परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

इस अवसर पर अटल आवास के रहवासियों ने महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में पहल की गई है, जिससे सभी परिवारों में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने विश्वास जताया कि निगम प्रशासन के सहयोग से उन्हें शीघ्र ही बेहतर आवास की सुविधा प्राप्त होगी।

महापौर ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा पात्र परिवारों को शासन के नियमानुसार इंद्रप्रस्थ मे आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों के हितों की रक्षा और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।