धमतरी में हथौड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार; रक्तरंजित हथौड़ी बरामद

10

एम्स रायपुर में घायल का उपचार जारी, करेलीबड़ी पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को भेजा जेल

धमतरी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मगरलोड थाना एवं करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने हत्या की नीयत से किए गए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी देवलाल निषाद (38) निवासी ग्राम हसदा नंबर-1 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:15 बजे ग्राम हसदा नंबर-1 स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने टीन शेड के नीचे पीड़ित चंद्रहास साहू अन्य ग्रामीणों के साथ बैठा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी वहां पहुंचा और गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे की हथौड़ी से हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में वार सिर के बजाय पीड़ित के दाहिने जबड़े और दाहिने हाथ की कोहनी पर लगा, जिससे उसे गंभीर चोटें व फ्रैक्चर हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से रक्तरंजित कंक्रीट, नियंत्रण नमूना, खून से सना रूमाल सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी भी बरामद की गई।

चिकित्सकीय रिपोर्ट में पीड़ित की चोटों को गंभीर तथा फ्रैक्चर होना प्रमाणित होने के बाद पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 114/26 के तहत धारा 296 एवं 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।