लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स ने युवा डॉक्टरों व सीए का किया सम्मान

11

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस व चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस पर आयोजित हुआ प्रोफेशनल डे सम्मान समारोह

धमतरी। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स ने नवीन सत्र 2026-27 के प्रथम सेवा प्रकल्प के तहत प्रोफेशनल डे सम्मान समारोह का आयोजन किया। साहेब स्वादी रेस्टोरेंट में आयोजित समारोह में शहर के युवा चिकित्सकों, युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं क्लब के वरिष्ठ प्रोफेशनल सदस्यों को स्मृति-चिन्ह, उपहार और मोती की माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लायन आकाश कटारिया द्वारा लायंस ध्वज वंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अध्यक्ष लायन शकुंतला साहू ने स्वागत भाषण में कहा कि चिकित्सक और चार्टर्ड अकाउंटेंट समाज के ऐसे स्तंभ हैं, जो स्वास्थ्य और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका सम्मान करना समाज के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।
एमजेएफ लायन सीए मनोज सोनी ने बताया कि क्लब पिछले करीब दो दशक से प्रतिवर्ष 1 जुलाई को प्रोफेशनल डे के अवसर पर शहर के उत्कृष्ट चिकित्सकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान करता आ रहा है। मुख्य अतिथि एवं क्लब के चार्टर प्रेसिडेंट सीए अजय पारेख ने कहा कि समाजहित में कार्य करने वाले प्रोफेशनल्स का सम्मान करना लायंस क्लब की सेवा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
समारोह में डॉ. मुरारी वासानी, डॉ. श्रुति वासानी, डॉ. श्याम वासानी, डॉ. विभोर नंदा, डॉ. आशीष खालसा तथा सीए हर्ष अग्रवाल, सीए गौरव देवांगन, सीए उत्कर्ष जैन, सीए सिद्धार्थ शर्मा और सीए अनमोल खालसा को सम्मानित किया गया। वहीं क्लब के वरिष्ठ सदस्यों सीए अजय पारेख, एमजेएफ लायन सीए मनोज सोनी, सीए सुरेश गोयल, डॉ. आर.एस. गुप्ता एवं डॉ. नीलेंद्र चक्रवर्ती का भी विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एस.डी. नानकानी एवं पूजा साहू ने किया। समारोह में भखारा नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन, सम्मानित प्रोफेशनल्स के परिजन, लायंस क्लब के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में लक्ष्मण हिंदुजा ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रोफेशनल्स और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।