स्कूल परिसर में टूटी शराब की बोतल से छात्र घायल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

20

कोलियारी के शासकीय स्कूल में हुई घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी, कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश

धमतरी। धमतरी जिले के कोलियारी स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में एक छात्र के घायल होने के बाद स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। छात्र के पैर में परिसर में पड़ी शराब की टूटी बोतल का कांच घुस गया, जिससे उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल परिसर में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल परिसर में लंबे समय से शाम के बाद असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां शराब पीने, गंदगी फैलाने और तोड़फोड़ जैसी गतिविधियां होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इसके बावजूद सुरक्षा और निगरानी की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से हालात जस के तस बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में अक्सर शराब की खाली बोतलें और उनके टूटे हुए कांच पड़े रहते हैं। इसी लापरवाही का खामियाजा एक छात्र को भुगतना पड़ा, जब स्कूल पहुंचने के दौरान उसके पैर में कांच का टुकड़ा धंस गया। घटना के बाद छात्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना से नाराज अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के लिए सबसे सुरक्षित स्थान होना चाहिए, लेकिन यदि परिसर में ही इस तरह का माहौल रहेगा तो बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उनका कहना है कि नियमित साफ-सफाई और निगरानी होती तो ऐसी घटना नहीं होती। ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने, नियमित साफ-सफाई कराने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने संबंधित प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। अब जांच से यह स्पष्ट होगा कि स्कूल परिसर में लंबे समय से असामाजिक गतिविधियां क्यों जारी थीं, नियमित निरीक्षण और साफ-सफाई की व्यवस्था में चूक कहां हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे।