
धमतरी में ढाई करोड़ के गांजे संग तस्करी गिरोह धराया
चार साल की सबसे बड़ी कार्रवाई : 490 किलो गांजा जब्त, पायलटिंग कर रहे कार चालक सहित पांच आरोपी गिरफ्त में
धमतरी| धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार करते हुए लगभग ढाई करोड़ रुपये मूल्य का 490.818 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त एक मालवाहक वाहन, एक कार, छह मोबाइल सहित कुल 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अर्जुनी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालवाहक वाहन क्रमांक सीजी-04-क्यूएच-0834 तथा कार क्रमांक सीजी-04-क्यूए-3116 में भारी मात्रा में गांजा भरकर चारामा से धमतरी की ओर लाया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल नगर पुलिस अधीक्षक को नाकेबंदी करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने श्याम तराई वन नाका क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध वाहनों को रोक लिया। जांच में सामने आया कि कार तस्करों के लिए पायलटिंग कर रही थी, ताकि रास्ते में पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
96 पैकेटों में छिपाकर रखा था गांजा
तलाशी के दौरान मालवाहक वाहन में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों तथा कार में छिपाकर रखे गए पैकेटों सहित कुल 96 पैकेटों से 490.818 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
ये आरोपी आए पुलिस के शिकंजे में
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
नौशाद खान (29 वर्ष) पिता मुन्ना खान, मूल निवासी बरनावा, थाना बिनोली, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी जगदलपुर।
करण साहू (22 वर्ष) पिता मनोज कुमार साहू, निवासी बोरिया, अक्षर विहार, थाना टिकरापारा, रायपुर।
मोहम्मद शादिक (30 वर्ष) पिता मोहम्मद यूनुस खान, निवासी गोकुलनगर, टिकरापारा, रायपुर।
हिमांशु साहू (20 वर्ष) पिता भोजराम साहू, निवासी पचपेड़ी नाका, रायपुर।
एक विधि से संघर्षरत बालक।
जब्त संपत्ति
490.818 किलोग्राम गांजा – मूल्य लगभग 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये
कार क्रमांक सीजी-04-क्यूए-3116 – मूल्य लगभग 9 लाख रुपये
मालवाहक वाहन क्रमांक सीजी-04-क्यूएच-0834 – मूल्य लगभग 5 लाख रुपये
6 मोबाइल फोन – मूल्य लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये
कुल जब्त संपत्ति : 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये
जगदलपुर से रायपुर पहुंचाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों द्वारा जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर तथा अन्य शहरों में खपाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
छह सप्ताह में सातवीं बड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस के अनुसार पिछले छह सप्ताह के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगातार अभियान चलाकर गांजा तस्करी के विरुद्ध सात बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। इन कार्रवाइयों में सैकड़ों किलोग्राम गांजा और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त कर अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को गंभीर क्षति पहुंचाई गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति, गिरोह या अंतर्राज्यीय नेटवर्क को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






