
धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना मेचका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 44 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गुजरात के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, कार, मोबाइल और नकदी सहित कुल 15 लाख 2 हजार 500 रुपये की संपत्ति जप्त की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के भवानीपटनम क्षेत्र से एक लाल रंग की हुंडई आई-20 कार (क्रमांक GJ-03-PD-5152) में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर कुछ लोग धमतरी मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना मेचका पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान वाहन से 44 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से खरीदकर गुजरात में बेचने ले जा रहे थे।
जप्त सामग्री का विवरण
44 किलो गांजा ₹8,80,000, हुंडई आई-20 कार ₹6,00,000, 3 मोबाइल फोन ₹15,000
नगदी रकम ₹7,500
कुल जप्ती ₹15,02,500
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
1. समीर खमीसा सिंधी (32 वर्ष)
निवासी – रवि पार्क मोरबी, जिला मोरबी, गुजरात
2. मोहम्मद रफीक लोधी (25 वर्ष)
निवासी – कालावाड, जिला जामनगर, गुजरात
6 सप्ताह में छठी बड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस द्वारा ओडिशा और महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी का परिणाम है कि पिछले 6 सप्ताह के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ यह छठी बड़ी कार्रवाई है।
हाल की प्रमुख कार्रवाइयाँ
सांकरा चेक पोस्ट पर 127.09 किलो गांजा एवं 72.71 लाख रुपये की जप्ती।
डस्टर वाहन से 54.970 किलो गांजा एवं 33.53 लाख रुपये की जप्ती।
वाहन की डिक्की से 37.800 किलो गांजा एवं 18.90 लाख रुपये की जप्ती।
कपड़ा बेचने की आड़ में 131 किलो गांजा एवं 69.61 लाख रुपये की जप्ती।
सांकरा नाका पर दिल्ली निवासी आरोपी से 7.724 किलो गांजा एवं 4.35 लाख रुपये की जप्ती।
पुलिस का अभियान जारी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों, शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।






