धमतरी के छाती क्षेत्र को नगर पंचायत बनाने , सड़क और महाविद्यालय भवन की सौगात

4

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तीन बड़ी घोषणाएं, विकास की नई इबारत लिखेगा धमतरी का छाती क्षेत्र
धमतरी  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी जिले के छाती क्षेत्र को एक साथ तीन बड़ी सौगातें देकर विकास को नई गति देने का ऐलान किया है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने मंच से ही छाती को नगर पंचायत बनाने, छाती से झुरानवागाँव तक सड़क निर्माण कराने तथा महाविद्यालय भवन की स्वीकृति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य प्रदेश के गांव-गांव तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि छाती को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से यहां शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा और सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, नाली-नाला निर्माण सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए अलग से वित्तीय प्रावधान उपलब्ध होंगे। इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के सुनियोजित विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने छाती से झुरानवागाँव तक सड़क निर्माण को भी मंजूरी देते हुए कहा कि इस मार्ग को एक “जबरदस्त सड़क” के रूप में विकसित किया जाएगा। सड़क निर्माण से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही भी सुगम बनेगी। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि इस सड़क के बनने से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत देते हुए क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया और महाविद्यालय भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। महाविद्यालय भवन बनने से धमतरी अंचल के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छाती को नगर पंचायत का दर्जा, सड़क निर्माण और महाविद्यालय भवन की मंजूरी क्षेत्र के विकास की दिशा तय करने वाली ऐतिहासिक घोषणाएं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं और जरूरतों को समझते हुए विकास की नई राह खोल दी है।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री और रंजना साहू के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इन फैसलों से छाती क्षेत्र के विकास को नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम में भाजपा भोथली मंडल अध्यक्ष मिसरी पटेल, बल्ला चंद्राकर, पूर्णिमा साहू, प्रीतम साहू सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के निर्णयों का स्वागत करते हुए प्रदेश और क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की सराहना की।
रंजना साहू ने जताया आभार
पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा की गई तीनों घोषणाएं क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने से शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा, सड़क निर्माण से आवागमन आसान होगा और महाविद्यालय भवन बनने से युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।