
धमतरी। फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया योजना के तहत धमतरी पुलिस ने रविवार को स्वास्थ्य, फिटनेस, इंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य ‘Sunday On Cycle’ साइकिल रैली का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों सहित लगभग 500 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रातः 7 बजे पुलिस लाइन रूद्री से प्रारंभ हुई साइकिल रैली गंगरेल तक पहुंची और पुनः पुलिस लाइन लौटकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल के अधिकाधिक उपयोग का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है। नियमित व्यायाम, खेलकूद और साइकिलिंग व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल का उपयोग न केवल इंधन की बचत करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, जिले के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता, जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया।






