स्वरोजगार और कौशल विकास को मिला प्रोत्साहन, राजोत्सव में प्रशिक्षणार्थियों ने प्रदर्शित किए हुनर से तैयार उत्पाद

0

बड़ौदा आरसेटी के स्टॉल पर लगभग 10 हजार रुपये के उत्पादों की बिक्री; विभिन्न संस्थानों के माध्यम से युवाओं को दिया जा रहा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण

धमतरी | छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर एकलव्य खेल परिसर, धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय राजोत्सव कार्यक्रम में बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (बड़ौदा आरसेटी), धमतरी द्वारा स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी एवं विक्रय स्टॉल लगाया गया। स्टॉल के माध्यम से संस्थान से प्रशिक्षित हितग्राहियों ने अपने हुनर और कौशल से तैयार विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन कर उनका विक्रय किया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने लगभग 10 हजार रुपये के उत्पादों की बिक्री कर अपनी उद्यमशीलता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर सहित कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने बड़ौदा आरसेटी सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की। उन्होंने युवाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने, उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा विपणन के नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

बड़ौदा आरसेटी के स्टॉल में प्रशिक्षणार्थियों द्वारा निर्मित होममेड अगरबत्ती, मोमबत्ती, पापड़, अचार, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, सॉफ्ट टॉयज, साबुन, फिनाइल एवं वाशिंग पाउडर सहित अनेक उपयोगी उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन उत्पादों को आगंतुकों से अच्छा प्रतिसाद मिला। प्रशिक्षणार्थियों के लिए यह आयोजन अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने, ग्राहकों से सीधे संवाद करने और व्यावसायिक पहचान विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर बना।

युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विविध प्रशिक्षण कार्यक्रम

बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) धमतरी द्वारा युवाओं एवं इच्छुक हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन प्रशिक्षण, सामान्य उद्यमिता विकास कार्यक्रम, प्लंबिंग एवं सैनिटरी कार्य, राजमिस्त्री, फास्ट फूड स्टॉल संचालन, इलेक्ट्रिकल कार्य, मुर्गीपालन, मोमबत्ती निर्माण, पशुपालन, असिस्टेंट बुककीपर, ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण संचालित किए जाते हैं। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक कौशल के साथ व्यवसाय शुरू करने एवं उसका संचालन करने की जानकारी भी दी जाती है।

कौशल प्रशिक्षण से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर

इसी प्रकार जिला परियोजना आजीविका महाविद्यालय, धमतरी के माध्यम से भी युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यहां असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, फील्ड टेक्नीशियन एयर कंडीशनर, सिक्योरिटी गार्ड, जल वितरण संचालक (मल्टी स्किल), रिटेल सेल्स असिस्टेंट, टैक्सी ड्राइवर, फील्ड टेक्नीशियन कंप्यूटिंग एंड पेरिफेरल्स, डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर तथा सिलाई मशीन ऑपरेटर जैसे पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके साथ ही विभिन्न कौशल विकास योजनाओं के अंतर्गत युवाओं को उनकी रुचि एवं बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।

राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिले में कौशल विकास, आजीविका संवर्धन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगार के लिए आवश्यक दक्षता प्राप्त हो रही है, वहीं स्वरोजगार अपनाने वाले हितग्राहियों को स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है।

राजोत्सव में प्रशिक्षणार्थियों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर स्थानीय प्रतिभाएं अपने हुनर को आजीविका का मजबूत माध्यम बना सकती हैं। यह पहल आत्मनिर्भर धमतरी और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।