
धमतरी | प्रदेश सरकार के सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत से नगर में जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन प्रारंभ हो गया है। इसी कड़ी में नागदेव मंदिर के पास स्थित कला मंच में एक व्यापक शिविर लगाया गया, जिसमें हटकेशर वार्ड, लाल बगीचा वार्ड, शीतला पारा वार्ड एवं सुभाष नगर वार्ड के नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आम जनता की शिकायतें एवं मांगों को गंभीरता से सुन रहे हैं तथा त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, जिससे वे अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठा सकें। शिविर का निरीक्षण करने महापौर रामू रोहरा पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी और पारदर्शिता के साथ किया जा सके। इस प्रकार के शिविरों से नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और उन्हें एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जाती हैं। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने अपनी समस्याएं दर्ज कराई और शासन की इस पहल की सराहना की। नगर निगम द्वारा आगे भी विभिन्न वार्डों में इस तरह के शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे हर नागरिक तक सुशासन का लाभ पहुंच सके।






