“बंगाल में बदलाव की लहर: जनता ने जताया असंतोष, नए नेतृत्व की ओर बढ़े कदम”: रामू रोहरा

0

धमतरी। नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों के रुझानों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह परिणाम ऐतिहासिक साबित होंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल के राजनीतिक इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट रूप से सरकार बनाती हुई नजर आ रही है, जो राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने दीदी को सबक सिखा दिया। महापौर रोहरा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने इस बार परिवर्तन के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से एक ही विचारधारा और नेतृत्व के तहत चल रही सरकार के प्रति जनता में असंतोष था, जिसका परिणाम अब रुझानों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। जनता ने विकास, पारदर्शिता, सुरक्षा और बेहतर प्रशासन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं—जैसे गरीब कल्याण, आवास, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों—का प्रभाव पूरे देश के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में भी देखने को मिला है। इन्हीं योजनाओं और नीतियों से प्रभावित होकर जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। महापौर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य में उद्योग, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से विकास होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार होगा और निवेश का माहौल बनेगा, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। रामू रोहरा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि यह उनकी लगातार मेहनत, जनसंपर्क और संगठन की मजबूती का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाया। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल विकास और सुशासन के नए दौर में प्रवेश करेगा तथा राज्य देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा।