
राज्यस्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का जोश चरम पर, सांसद रूप कुमारी चौधरी ने किया उत्साहवर्धन, प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना, एक दशक बाद जिले में राज्यस्तरीय सेना भर्ती रैली, कलेक्टर मिश्रा बोले—गर्व का विषय
धमतरी | जिले में 10 जनवरी से आयोजित राज्यस्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली में भाग लेने पहुंचे युवाओं का उत्साह बढ़ाने आज महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी भर्ती स्थल पहुंचीं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा युवाओं से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया।

सांसद श्रीमती चौधरी ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश सेवा के प्रति युवाओं का यह जज्बा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई अग्निवीर योजना युवाओं को भारतीय सेना के माध्यम से राष्ट्र सेवा का गौरवशाली अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में सफलता और असफलता दोनों जीवन का हिस्सा हैं, अतः किसी भी परिस्थिति में निराश न हों। अपनी कमियों को पहचानकर निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें, सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होगी। सांसद ने भर्ती रैली में शामिल सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि लगभग एक दशक बाद जिले में राज्यस्तरीय सेना भर्ती रैली का आयोजन होना जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं का चयन सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा विकासखंड स्तर पर निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां सेवानिवृत्त सेना जवानों द्वारा युवाओं को अग्निवीर, सेना एवं अन्य सैन्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह पहल युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने कहा कि जिले में इतने भव्य और सुव्यवस्थित स्तर पर भर्ती रैली का आयोजन सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान कर्नल अरुण कालिया ने भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, उपायुक्त नगर निगम श्री पी.सी. सार्वा, सेना के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे। राज्यस्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली के सफल आयोजन से जिले में राष्ट्र सेवा के प्रति युवाओं का उत्साह और आत्मविश्वास नई ऊंचाइयों पर दिखाई दे रहा है।






