होटल में युवती की मौत का मामला: विवाह से मुकरने और प्रताड़ना के आरोप में युवक गिरफ्तार

1

धमतरी। शहर के एक होटल में युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर प्रेम प्रसंग के दौरान विवाह का प्रलोभन देकर युवती को विश्वास में रखने और बाद में विवाह से इनकार कर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, मृतिका पिंकी मानिकपुरी (22 वर्ष) निवासी राजमहल चौक, समनापुर रोड, कवर्धा, जिला कबीरधाम का आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के साथ प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि आरोपी ने उसे विवाह का प्रलोभन देकर विश्वास में रखा था। बाद में युवती को आरोपी के अन्य लड़कियों से संबंध होने की जानकारी मिली। इस संबंध में स्पष्टता प्राप्त करने के लिए वह 24 सितंबर 2026 को धमतरी आई और स्थानीय होटल सीजी-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी।

पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम आरोपी युवती से मिलने होटल पहुंचा। वहां विवाह के संबंध में बातचीत के दौरान आरोपी पर विवाह से इनकार करने, गाली-गलौज करने और मारपीट कर युवती को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी आरोपी द्वारा युवती को प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है। इस घटनाक्रम के बाद युवती ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी

मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी की संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने पर उससे पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई है।

गिरफ्तार आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू (22 वर्ष), पिता रविराम साहू, निवासी गोकुलपुर, वार्ड क्रमांक 36, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।