हाईवे पेट्रोलिंग और यातायात के जवानों को जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने दिया प्रशिक्षण, ताकि घायल व्यक्ति को मिल सके बेहतर उपचार 

216

धमतरी | पुलिस अधीक्षक बी. पी. राजभानु द्वारा यातायात के बढ़ते दबाव और राष्ट्रीय राजमार्गों व मुख्य मार्गो में हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाईवे पेट्रोलिंग एवं उसमें संलग्न कर्मचारियों को सतत पेट्रोलिंग करते हुए निगरानी रखने निर्देशित किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे के मार्गदर्शन व उप पुलिस अधीक्षक अजाक, यातायात श्रीमती सारिका वैद्य के दिशा निर्देश में तीनों हाईवे पेट्रोलिंग वाहन अपने निर्धारित रूट में लगातार पेट्रोलिंग करते हुए किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर अल्पतम समय में मौके पर पहुंचकर जरूरतमंद एवं सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की आवश्यक मदद कर रही है| अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे द्वारा हाईवे पेट्रोलिंग एवं यातायात जवानों को सड़क दुर्घटना के दौरान उनके कार्यों को और अधिक प्रभावी व कारगर बनाने के उद्देश्य से जिला अस्पताल के प्रशिक्षित और अनुभवी चिकित्सकों से संपर्क कर प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचने तक उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा किया गया सीमित उपचार ही प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) हैं। जिसका उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों से चोटग्रस्त व्यक्ति को समुचित उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल पहुंचने तक स्थिति सामान्य बनाई जा सके। प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण यातायात शाखा भवन के सामने गांधी मैदान में आयोजित किया गया। जिसमें शासकीय जिला अस्पताल धमतरी के अनुभवी चिकित्सक डॉ आभा हिशीकर, डॉ राकेश साहू, डॉ दिवाकर गजपाल ने यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, तीनों हाईवे पेट्रोलिंग में संलग्न कर्मचारी एवं शक्ति टीम को सड़क दुर्घटना या किसी अन्य दुर्घटना के दौरान घायल, पीड़ित व्यक्ति को प्राथमिक उपचार दिए जाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

साथ ही प्राथमिक उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया | प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुश्री रागिनी तिवारी, यातायात प्रभारी श्रीमती सत्यकला रामटेके, उप निरीक्षक शत्रुघ्न पांडेय सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, तीनों हाईवे पेट्रोलिंग के कर्मचारी व शक्ति टीम उपस्थित रहे|