24 सितंबर को हरदिहा साहू समाज भवन में होगा आयोजन, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी होंगी मुख्य अतिथि
धमतरी । छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को ‘विकसित भारत विज़न@2047’ से जोड़ने तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन धमतरी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 24 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे हरदिहा साहू समाज भवन, रत्नाबांधा, धमतरी में होगा। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश एवं प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका से अवगत कराने के साथ ही उन्हें अपने विचार, सुझाव और नवाचार साझा करने के लिए सार्थक मंच उपलब्ध कराना है। इस दौरान युवाओं के साथ संवाद के माध्यम से विकास, सुशासन, रोजगार, शिक्षा, कौशल, नवाचार, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
एक मंच पर दिखेगी युवा शक्ति की विविधता
‘युवा उड़ान 2026’ में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लगभग एक हजार युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं तथा कला, साहित्य, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले युवा शामिल होंगे।
इसके साथ ही खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी, UPSC एवं CGPSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं ITI के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजन तथा आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं को भी इस आयोजन से जोड़ा जा रहा है।
विभिन्न क्षेत्रों और पृष्ठभूमियों से आने वाले युवाओं की सहभागिता से कार्यक्रम युवाओं के बीच संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और नए विचारों को साझा करने का अवसर प्रदान करेगा। ‘युवा उड़ान 2026’ के माध्यम से जिले के युवाओं को विकास की दिशा में अपनी भूमिका पहचानने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।






