
धमतरी | सुशासन तिहार के सफल एवं प्रभावी आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सायंकाल जिला अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कलेक्टर मिश्रा ने निर्देशित किया कि सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी शिविरों में पूर्व से ही समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है, अतः विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता एवं समयबद्ध कार्यप्रणाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक में शिविर स्थलों पर पेयजल, छाया, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा गया, जिससे अधिकाधिक नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से प्राप्त हो सके। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब के प्रति शून्य सहनशीलता बरती जाएगी।बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रिया गोयल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान अंतर्गत प्रमुख गतिविधियां सुशासन तिहार के अंतर्गत विभिन्न जनहितकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ शिविरों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जाएगा,
जिनमें प्रमुखतः— आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों का त्वरित निराकरण, किसान पुस्तिका एवं स्वामित्व कार्ड का वितरण। , पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करना, जैसे उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन। , आधार कार्ड का नवीन पंजीयन, सुधार, केवाईसी अपडेट एवं बैंक-आधार सीडिंग। , युवाओं हेतु लर्निंग लाइसेंस जारी करना। , प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित प्रकरणों का निराकरण एवं पूर्ण आवास हितग्राहियों का सम्मान। स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन, मेडिकल किट वितरण, एनीमिया जांच एवं टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान करना। पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, स्प्रिंकलर/स्पेयर पंप एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण। गर्भवती महिलाओं हेतु गोदभराई कार्यक्रम, पोषण किट वितरण एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार। * पेयजल, हैंडपंप सुधार, घरेलू विद्युत कनेक्शन, सौर ऊर्जा कनेक्शन सहित स्थानीय समस्याओं का समाधान। जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाते हुए नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया है।






