सुपोषित समाज की ओर बढ़ता धमतरी : अंबेडकर वार्ड आंगनबाड़ी में सुपोषण चौपाल एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न

2

सभापति कौशिल्या देवांगन ने गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार वितरण कर बच्चों को अन्नप्राशन कराया

धमतरी | एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना धमतरी द्वारा अंबेडकर वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सुपोषण चौपाल एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, पार्षद कुलेश सोनी, शैलेश रजक एवं भाजपा शहर महिला मोर्चा अध्यक्ष पूजा कुंजाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार सामग्री का वितरण किया गया तथा छोटे बच्चों को अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, आंगनबाड़ी सहायका,कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में वार्डवासियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों में कुपोषण को दूर करने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। सभापति कौशिल्या देवांगन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही एक मजबूत एवं समृद्ध समाज की नींव होते हैं। सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुपोषण चौपाल जैसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना चाहिए ताकि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। बच्चों के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण मिलने से उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है। अन्नप्राशन संस्कार भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है, जो बच्चों के स्वस्थ जीवन की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। सभापति कौशिल्या देवांगन ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं, बच्चों का समय-समय पर टीकाकरण कराएं तथा पोषण संबंधी जानकारी को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर महिलाओं एवं बच्चों की देखभाल और जागरूकता का सराहनीय कार्य कर रही हैं। समाज को कुपोषण मुक्त बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पार्षद कुलेश सोनी ने कहा कि बच्चों का सही पोषण केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सुपोषण चौपाल जैसे कार्यक्रम लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधि और विभाग लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को विशेष देखभाल एवं पौष्टिक आहार की आवश्यकता होती है। यदि बच्चों को प्रारंभ से ही उचित पोषण मिले तो भविष्य में वे स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त नागरिक बनेंगे। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े रहें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को अन्नप्राशन कराया एवं महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।